संक्रमित जमातियों के संपर्क में आए 69 आज होंगे क्वारेंटाइन

 शहर की विभिन्न मस्जिदों में ठहरे चार जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अन्य जमातियों और उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारेंटाइन किया जा रहा है। नगर निगम जोन-11 के जोनल अधिकारी शैलेंद्र पारे ने बताया कि नवीन नगर ऐशबाग में 11 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है। यह कोरोना पॉजिटिव जमातियों के संपर्क में आए हैं। संपर्क में आने वाले 69 अन्य लोगों को भी रविवार को क्वारेंटाइन किया जाएगा। इस क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस किसी भी व्यक्ति को भीतर नहीं जाने दे रही है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ही यहां आ-जा रहे हैं। बाग फरहत अफजा मस्जिद में इंडोनेशिया की जमात ठहरी हुई है। इसमें 12 जमाती हैं। इसके अलावा मस्जिद सिकंदर कुली में भी प्रदेश के अन्य शहरों से आए 10 जमाती ठहरे हुए हैं। रानी अमन मस्जिद में 3 जमाती ठहरे हैं। सभी को क्वारेंटाइन किया गया है। इधर, शहर में 60 हैंड सैनिटाइजर के साथ 48 मशीनें लगाई गईं हैं। इनसे बड़े भवनों से लेकर मोहल्लों, सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के साथ कंटेनमेंट एरिया में सैनिटाइजेशन चल रहा है।


 मस्जिद सैनिटाइज


श्यामला हिल्स क्षेत्र की मस्जिद अहाता रुस्तम खां को सैनिेटाइज किया गया। कमला पार्क, पॉलिटेक्निक और आसपास के अन्य मुख्य मार्गों पर भी साफ सफाई के साथ सैनिटाइजेशन किया गया।


भीड़ कंट्रोल करने : बावड़िया व हबीबगंज आरओबी बंद


नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद शहर में सख्ती बढ़ती जा रही है। हबीबगंज आरओबी और बावड़िया कला आरओबी पर दोनों से ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। दोनों ब्रिज पर शनिवार दोपहर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। इन ब्रिज पर रोजाना लग रही भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आईएएस जे विजय कुमार के कोरोना पॉजिटिव होने से गुलमोहर क्षेत्र को कंटेनमटेड एरिया घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए भी बावड़िया ब्रिज पर बैरिकेडिंग जरूरी हो गई थी।


सिपाही के आसपास के 50 से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए


ऐशबाग थाने के सिपाही वीरेंद्र कुमार चौधरी को कोरोना पाॅजिटिव आने के बाद पुलिस की चिंता बढ़ गई है। वीरेंद्र के संपर्क में आए 50 से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए गए हैं। ऐशबाग थाने के 12 पुलिसकर्मियों के सैंपल लेने के साथ ही उन्हें क्वारेंटाइन किया गया है। इस बीच शनिवार से थानों में पहुंचकर डाॅक्टरों की टीम ने पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण करना शुरू कर दिया है। टीटी नगर सीएसपी उमेश तिवारी के अनुसार वीरेंद्र के संपर्क में आए जहांगीराबाद और ऐशबाग थाने के 24 से ज्यादा पुलिसकर्मियों का सैंपल लिए गए हैं। सभी को क्वारेंटाइन किया गया है। इसके अलावा टीटी नगर पुलिस लाइन में वीरेंद्र के 28 पड़ोसियों के भी सैंपल लिए गए हैं। रविवार को सेमरा में रहने वाले वीरेंद्र के माता-पिता और भाई के भी सैंपल लिए जाएंगे।


सुरक्षा... मास्क और ग्लब्ज दिए


लाॅकडाउन के चलते राजधानी पुलिस शहर की सड़कों और मुख्य चौराहों पर मुस्तैदी से पहरा दे रही है। आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिसकर्मियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए उन्हें मास्क, सैनिटाइजर और ग्लब्ज दिए गए हैं। साथ ही उन्हें दिशा-निर्देश हैं कि वे खुद को भी कोरोना से बचाएं और सुरक्षित रहें। ऐेसे में सिपाही वीरेंद्र कुमार चौधरी के कोरोना पाॅजिटिव आने से ऐशबाग थाने के स्टाफ चिंतित है।